कलेक्टर ने कमार बस्तियों में मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने दिए निर्देश
जोरातराई में बनेगा अमृत सरोवर
आपका आदेश न्यूज़ // महासमुंद 22 मई 2025 महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम जोरातराई में आज प्रधानमंत्री जन मन योजना के अंतर्गत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य कमार जनजाति के लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना एवं उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान करना था। शिविर में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ श्री एस. आलोक एवं आदिम जाति विकास विभाग की सहायक आयुक्त श्रीमती शिल्पा शाय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। अधिकारियों द्वारा कमार जनजाति के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण हेतु आजीविका के अवसरों, स्वरोजगार, एवं शासकीय योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।


इस अवसर पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने ग्रामीणों की जल समस्या को गंभीरता से लेते हुए 10 हजार वर्गफीट में अमृत सरोवर निर्माण हेतु निर्देश देते हुए उनसे चर्चा कर स्थल का चिन्हांकन किया। साथ ही उन्होंने सभी हितग्राहियों के लिए श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, बैंक खाता, राशन कार्ड तथा किसान सम्मान निधि योजना जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत कमार बस्तियों के विकास के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिसके तहत कमार बस्तियों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी तथा सभी व्यक्तियों को शासन की योजनाओं से जोड़ा जाएगा। शिविर में कलेक्टर ने ग्रामीणों से आत्मीय चर्चा कर उनके रहन-सहन और आजीविका की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आजीविका सुदृढ़ करने भी प्रयास किए जा रहे है ताकि सबको स्थायी आमदनी मिल सके।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने जोरातराई और रैताल के कमार बस्ती का निरीक्षण किया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिव को निर्देश दिए। शिविर में कमार समुदाय के लिए नल-जल योजना के तहत स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु भी आवश्यक निर्देश दिए गए।


परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।
