“हाइवा संघ नें कहा कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर खड़े होंगे सैकड़ों हाइवा, चक्काजाम की चेतावनी”

महासमुंद। जिले में ट्रांसपोर्टरों के साथ दबंगई, मारपीट और अवैध वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ हाइवा परिवहन कल्याण संघ ने इस पूरे मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपते हुए एक पुलिस आरक्षक और उसके भाई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
संघ ने साफ चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो जिले के तमाम हाइवा वाहन खड़े कर चक्काजाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सड़क निर्माण स्थल पर पहुंचा दबंग, शुरू की गाली-गलौज और धमकी
संघ के अनुसार 15 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत नांदगांव में सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान ट्रांसपोर्टरों के वाहन चालक और ऑपरेटर मौके पर मौजूद थे। तभी अचानक गुलशन जांगड़े नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और कथित रूप से ड्राइवरों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा।
आरोप है कि उसने खुद को प्रभावशाली बताते हुए अपने भाई अजय जांगड़े के पुलिस विभाग में पदस्थ होने का हवाला दिया और राजनीतिक पहुंच का डर दिखाते हुए ट्रांसपोर्टरों को दबाव में लेने की कोशिश की।
10 लाख रुपये की मांग, नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी
छत्तीसगढ़ हाइवा परिवहन कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार अग्रवाल, सचिव प्रदीप चंद्राकर, हेमंत चोपड़ा, शैलेंद्र चंद्राकर, ओमकार ठाकुर, हनिफ निजामी और राधेलाल निषाद ने पुलिस अधीक्षक को दिए ज्ञापन में बताया कि गुलशन जांगड़े ने ट्रांसपोर्टरों से 10 लाख रुपये की अवैध मांग की।

पैसे नहीं देने पर उन्हें झूठे मामलों में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी दी गई।
आरक्षक भी पहुंचा मौके पर, ट्रांसपोर्टरों को उठा ले गए थाने
संघ के आरोप के अनुसार कुछ समय बाद सिटी कोतवाली में पदस्थ आरक्षक अजय जांगड़े भी मौके पर पहुंच गया। इसके बाद दोनों भाइयों ने मिलकर हाइवा मालिक पुरन निर्मलकर, कमल साहू और तुषार साहू के साथ गाली-गलौज की और उन्हें थाना ले जाकर लॉकअप में बंद कर रातभर दबाव बनाया।
आरक्षक नें राजनीतिक पहुंच का भी दिखाया रौब
संघ का कहना है कि दोनों भाइयों ने खुद को राजनीतिक रूप से बेहद प्रभावशाली बताते हुए तुमगांव नगर पंचायत अध्यक्ष तक को धमकाने की बात कही और लगातार ट्रांसपोर्टरों पर दबाव बनाने की कोशिश करते रहे।
आरक्षक को निलंबित करने की मांग
ट्रांसपोर्टरों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरक्षक अजय जांगड़े को तत्काल निलंबित करने और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
हाइवा संघ की चेतावनी
संघ का कहना है कि यदि इस मामले में न्याय नहीं मिला तो जिले के सैकड़ों हाइवा वाहन सड़क पर खड़े कर जबरदस्त चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा।


परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।
