खल्लारी में लकड़ी तस्करी का बड़ा खेल उजागर, वन विभाग की दबिश में ट्रक सहित तस्कर गिरफ्तार।

बागबाहरा परिक्षेत्र अधिकारी लोकनाथ ध्रुव की त्वरित कार्यवाही।

महासमुंद डेस्क

महासमुंद। जिले के वन क्षेत्रों में अवैध लकड़ी कारोबार पर आखिरकार वन विभाग ने करारा प्रहार किया है। वनमंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशों के बाद महासमुंद वनमंडल में चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत 10 अप्रैल 2026 को खल्लारी सर्किल में बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़ी तस्करी के एक संगठित नेटवर्क की परतें खुलती नजर आईं।

बागबहरा परिक्षेत्र के दक्षिण खल्लारी परिसर अंतर्गत ग्राम चुरकी में वन अमले ने घेराबंदी कर एक स्वराज माजदा ट्रक (CG 08/L-0851) को पकड़ा। ट्रक की तलाशी लेते ही तस्करी का खेल सामने आ गया—वाहन में अवैध रूप से भरी गई बीजा लकड़ी के 19 नग (1.523 घनमीटर) और अन्य प्रजाति की 4 नग (0.353 घनमीटर) लकड़ी बरामद हुई। कुल 23 नग (1.858 घनमीटर) लकड़ी मौके पर ही जब्त कर ली गई।

कार्रवाई यहीं नहीं रुकी—वन विभाग ने ट्रक चालक राकेश (पिता गोरेलाल सतनामी), निवासी फरफोद, आरंग को तुरंत हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया, जिससे यह साफ हो गया कि क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन कोई छोटा मामला नहीं, बल्कि एक सुनियोजित गतिविधि है।

वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अपराध क्रमांक 14402/24 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की तैयारी में जुट गया है। विभाग की इस कार्रवाई से लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है।

इस पूरी दबिश में वन प्रबंधन समिति चुरकी के सदस्यों के साथ परिक्षेत्र अधिकारी लोकनाथ ध्रुव, डिप्टी रेंजर मोतीलाल साहू, वन रक्षक कमल यादव, अमित दीवान एवं विवेकानंद क्षेत्रपाल की टीम ने निर्णायक भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *