बालक का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आई. नागेश्वर राव ने बताया कि मृत्यु का कारण श्वासनली में एस्पिरेशन एवं अन्य स्वास्थ्य जटिलताएं हैं, न कि डीपीटी टीकाकरण।

महासमुंद 17 मार्च 2026
बागबाहरा के 5 वर्षीय बालक नैतिक यादव की मृत्यु के पश्चात क्षेत्र में टीकाकरण को लेकर उत्पन्न हुई भ्रम एवं आशंकाओं के संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने विस्तृत पोस्ट मार्टम रिपोर्ट के आधार पर इसे निराधार बताया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा में डीपीटी टीका लगाए जाने के बाद हुई इस घटना को लेकर परिजनों द्वारा संदेह व्यक्त किया गया था, किन्तु विस्तृत पोस्टमार्टम जांच में मृत्यु का कारण टीकाकरण से भिन्न पाया गया है।

बालक का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज महासमुंद में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा वीडियोग्राफी के साथ किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार बच्चे की श्वासनली में एस्पिरेशन पाया गया, जिससे सांस लेने में बाधा उत्पन्न हुई। इसके अतिरिक्त हार्थों एवं नाखूनों में नीलापन, तिल्ली का बढ़ना तथा फेफड़ों में कंजेशन जैसे लक्षण पाए गए हैं, जो अन्य चिकित्सकीय कारणों की ओर संकेत करते हैं।
उल्लेखनीय है कि उसी दिन उसी वायल से एक अन्य बच्चे को भी डीपीटी टीका लगाया गया था, जो पूर्णतः स्वस्थ है। इससे भी यह स्पष्ट होता है कि टीकाकरण सुरक्षित है और उक्त घटना का टीके से कोई संबंध नहीं है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि मृत्यु का कारण श्वासनली में एस्पिरेशन एवं अन्य स्वास्थ्य जटिलताएं हैं, न कि डीपीटी टीकाकरण। टीकाकरण पूर्णतः सुरक्षित एवं प्रभावी है और बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों एवं भ्रम पर ध्यान न दे एवं अपने बच्चों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। टीकाकरण एक सुरक्षित एवं आवश्यक प्रक्रिया है, जो बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।


परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।
