“विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य पर लगे झूठे आरोप, 15 लोगों को भेजा ₹ 10 लाख से अधिक का मानहानि नोटिस”



आपका आदेश न्यूज़ छत्तीसगढ़।। रायपुर, 4 जुलाई 2025। रायपुर शहर के एक प्रतिष्ठित निजी विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती रुपिका लॉरेंस ने स्कूल प्रबंधन और कार्यप्रणाली पर झूठे और मानहानिक आरोप लगाने वाले 15 व्यक्तियों को कानूनी नोटिस जारी किया है। यह नोटिस रायपुर जिला न्यायालय के अधिवक्ता अहसानुल सिद्दीकी द्वारा दिनांक 4 जुलाई 2025 को भेजा गया।
नोटिस में बताया गया है कि श्रीमती रुपिका लॉरेंस विगत 20 वर्षों से शिक्षा सेवा में कार्यरत हैं और पिछले कुछ वर्षों से विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य के रूप में कर्तव्य निभा रही हैं। किंतु हाल ही में एक समूह द्वारा उनके विरुद्ध सोशल मीडिया, शासकीय संस्थानों और अभिभावकों के बीच झूठे, अपमानजनक और दुर्भावनापूर्ण आरोप फैलाए गए हैं, जिनका कोई कानूनी या तथ्यात्मक आधार नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोप लगाने वालों ने स्कूल प्रबंधन में गड़बड़ी, स्टाफ का उत्पीड़न, पीएफ राशि रोकना, कोविड के समय जबरन काम कराना जैसे गंभीर आरोप लगाए, जिससे श्रीमती लॉरेंस की सामाजिक और पेशेवर प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
प्रभारी प्राचार्य की ओर से जारी नोटिस में इन सभी 15 लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और ₹10.25 लाख की क्षतिपूर्ति की मांग की गई है:
मानहानि व सामाजिक क्षति – ₹5,00,000
मानसिक व शारीरिक पीड़ा – ₹5,00,000
कानूनी व्यय व नोटिस शुल्क – ₹25,000
कुल: ₹10,25,000
नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर प्रतिवादीगण द्वारा सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना और संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया, तो आपराधिक मानहानि की कार्यवाही (IPC की धारा 499 एवं 500 के तहत) प्रारंभ की जाएगी।
इस घटनाक्रम ने शिक्षा जगत में चिंता का विषय उत्पन्न कर दिया है। कई शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस प्रकार के झूठे आरोपों को ईमानदार शैक्षिक नेतृत्व के खिलाफ एक सोची-समझी साजिश करार दिया है।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।