“ग्राम सुखीपाली में विकसित कृषि संकल्प अभियान अंतर्गत शिविर का हुआ आयोजन”
07 जून को कमरौद, बोडराबांधा, पथरला, बम्हनी, बाराडोली एवं चनाट में शिविर आयोजित

आपका आदेश न्यूज़।। महासमुंद, 06 जून 2025/ विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत पिथौरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम सुखीपाली में शिविर का आयोजन किया गया। यह अभियान 12 जून तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से अवगत कराना है।
शिविर में ग्राम सुखीपाली, चिखली एवं डुमरपाली के सरपंच, पंचगण, सहकारी समिति सुखीपाली के अध्यक्ष, उप संचालक कृषि श्री एफ. आर. कश्यप, कृषि विज्ञान केंद्र महासमुंद के डॉ. कुणाल चंद्राकर, डॉ. श्रीधर तथा कृषि महाविद्यालय के डॉ. प्रफ्फुल और बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।

इस दौरान शिविर में किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई एवं मशरूम उत्पादन, लाइट ट्रैप, फेरोमोन ट्रैप जैसे जैविक कीट नियंत्रण के उपायों से अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त खेत की तैयारी से लेकर फसल कटाई तक की सम्पूर्ण कृषि क्रियाओं की वैज्ञानिक विधियों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि श्री कश्यप द्वारा किसानों की समस्याएं सुनी गईं एवं समाधान हेतु सुझाव दिए गए। उन्होंने किसानों से फीडबैक भी प्राप्त किया, जिससे आगामी योजनाओं को किसानों की आवश्यकता अनुसार बेहतर ढंग से तैयार किया जा सके।
शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधिगण एवं उन्नत किसानों ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव और अनुभव साझा किए। जिससे स्थानीय किसानों को अपने जैसे साथियों से प्रेरणा मिली। इस अभियान के माध्यम से जिले के किसानों को कृषि क्षेत्र में नवाचार और स्थायी विकास के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे कृषि उत्पादकता में वृद्धि के साथ-साथ किसानों की आय में भी सुधार हो सके।
उल्लेखनीय है कि “विकसित कृषि संकल्प अभियान“ अंतर्गत शनिवार 07 जून को बागबाहरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत कमरौद, बोडराबांधा, पिथौरा अंतर्गत ग्राम पथरला, बम्हनी एवं बसना अंतर्गत ग्राम बाराडोली व चनाट में शिविर का आयोजन किया जाएगा। आगामी शिविर 09 जून को बागबाहरा के ग्राम पंचायत कोमा, दाबपाली, पिथौरा के पेन्ड्रावन, सलडीह व बसना अंतर्गत बड़ेसाजापाली में आयोजित किया जाएगा।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।