“युक्तियुक्तकरण से कोकड़ी प्राथमिक शाला को मिला नया शिक्षक, शिक्षा गुणवत्ता में आएगा सुधार”

आपका आदेश न्यूज़।।महासमुंद, 06 जून 2025/ राज्य सरकार द्वारा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और संतुलित बनाने के उद्देश्य से लागू किए गए युक्तियुक्तकरण का सकारात्मक असर अब विद्यालयों की कार्यप्रणाली में नजर आने लगा है। इसी पहल के अंतर्गत महासमुंद विकासखंड के ग्राम पंचायत खट्टर के कोकड़ी गांव स्थित प्राथमिक शाला में वर्षों बाद एक अतिशेष शिक्षक की पदस्थापना की गई है, जिससे विद्यालय में शैक्षिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।

प्रधानपाठक श्री गेंदलाल कोकड़िया ने बताया कि यह विद्यालय बीते लगभग दो दशकों से केवल एक शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहा था। एक ही शिक्षक को सभी कक्षाओं को पढ़ाने, प्रशासनिक कार्यों को निभाने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का उत्तरदायित्व निभाना पड़ता था, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना एक बड़ी चुनौती बन चुकी थी। अब युक्तियुक्तकरण के अंतर्गत श्री हेमंत कुमार देवांगन को अतिशेष शिक्षक के रूप में विद्यालय में पदस्थ किया गया है। इससे शिक्षा व्यवस्था में कई स्तरों पर सकारात्मक सुधार की उम्मीद की जा रही है।

प्रधान पाठक ने बताया कि अब विद्यालय में दो शिक्षकों की उपस्थिति से कक्षाओं का उचित विभाजन संभव हो सकेगा, जिससे प्रत्येक शिक्षक को पाठ्यक्रम को समय पर पूर्ण कराने का पर्याप्त अवसर मिलेगा। इससे न केवल बच्चों की सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि शिक्षक प्रत्येक विद्यार्थी पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान भी दे सकेंगे। विशेषकर कमजोर छात्रों को अतिरिक्त सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सकेगा। पूर्व में एकमात्र शिक्षक का पूरा समय केवल पठन-पाठन में ही व्यतीत हो जाता था, जिससे अन्य गतिविधियों पर ध्यान देना संभव नहीं हो पाता था। अब एक और शिक्षक की नियुक्ति से खेल, कला, विज्ञान जैसी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

इस परिवर्तन से ग्रामवासियों और पालकों में विश्वास जगा है कि अब उनके बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *