जन चौपाल में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने सुनी जन समस्याएं।
प्रधानमंत्री बीमा योजना के तहत किसानों से अवैध राशि वसूलने पर की जाएगी कार्रवाई
अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश

“आपका आदेश न्यूज़ छत्तीसगढ़” महासमुंद, 27 मई 2025/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में जिले के विभिन्न स्थानों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनी। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को उनकी समस्याओं का समाधान करते हुए लाभान्वित करना है। उन्होंने संबंधित विभाग को आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए कहा। आज ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के 32 आवेदकों ने आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याएं बारी-बारी सुनी। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री एस. आलोक, अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू, एसडीएम सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने बागबाहरा क्षेत्र में प्रधानमंत्री बीमा योजना अंतर्गत राशि की स्वीकृति के लिए कई एजेंटों द्वारा किसानों से अवैध रूप से राशि वसूल करने की शिकायत मिलने पर तत्काल अनुविभागीय अधिकारी बागबाहरा से सम्पर्क करने कहा है। उन्होंने कहा कि शासकीय योजना के तहत किसी भी कार्य के लिए निर्धारित शुल्क के अलावा अन्य किसी भी तरह की शुल्क की वसूली मान्य नहीं है, जिस पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अंचल के किसानों से भी कहा है कि शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल एसडीएम कार्यालय में सूचना देवें।
जन चौपाल के दौरान ग्राम बेलसोंडा के निवासियों ने ग्राम में नशे के अवैध कार्यों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही किए जाने की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस कार्य में संलग्न लोगों पर तत्परता से कार्रवाई करें। इसके अतिरिक्त, ग्राम कनेकेरा ऐनिकट पुल निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने आवेदन सौंपा। वहीं, हीरमोहन लाल साहू ने विकलांग पेंशन की पात्रता के आधार पर सहायता राशि प्राप्त करने हेतु आवेदन किया। इसी प्रकार दिनेश प्रताप सिंह ने बाल संरक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मिलने वाली राशि दिलवाने के संबंध में निवेदन किया। इसके अलावा जन चौपाल में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की स्वीकृति, वन अधिकार पट्टा प्राप्त करने, पूर्व में किए गए कार्यों का लंबित भुगतान, अवैध भूमि कब्जा हटवाने, मुआवजा राशि दिलवाने, तथा राशन कार्ड संबंधी समस्याएं के आवेदन प्रस्तुत किए। इन सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्राप्त आवेदनों की गहनता से जांच करें और प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को समय पर राहत मिल सके।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।