“पंजीकृत श्रमिकों को डीबीटी से मिलेगा योजना लाभ, आधार लिंकिंग अनिवार्य”
/आपका आदेश न्यूज़ / महासमुंद, 27 मई 2025/ छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्रणाली (डीबीटी) के माध्यम से 17 सितम्बर 2024 से प्रदान किया जा रहा है।
इस योजना का लाभ केवल उन्हीं श्रमिकों को मिल सकेगा जिनका बैंक खाता आधार से लिंक होगा। वर्तमान में कई पंजीकृत श्रमिकों का आधार एवं बैंक खाता विवरण श्रमिक पंजीयन कार्ड में उपलब्ध नहीं है अथवा उनका बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, जिससे डीबीटी में बाधा उत्पन्न हो रही है।
श्रम विभाग ने ऐसे श्रमिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने बैंक खाते को आधार से लिंक कराएं। यदि किसी कारणवश श्रमिक स्वयं का खाता लिंक नहीं करा पा रहे हैं, तो उनके आश्रित जैसे पिता, पति, पत्नी, पुत्र या पुत्री के बैंक खाते को आधार से लिंक कराना अनिवार्य होगा।
श्रमिकों की सुविधा के लिए जिले में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही श्रम संसाधन केंद्रों के माध्यम से व्यक्तिगत संपर्क, समाचार पत्रों एवं प्रचार माध्यमों से निःशुल्क जानकारी एवं सहायता प्रदान की जाएगी ताकि अधिक से अधिक श्रमिक इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। अधिक जानकारी एवं श्रमिक पंजीयन कार्ड में आवश्यक संशोधन हेतु श्रमिक कार्यालय, जिला श्रम पदाधिकारी, महासमुंद, सभी विकासखंडों में संचालित श्रम संसाधन केंद्र, ’श्रमेव जयते’ मोबाइल ऐप, विभागीय वेबसाइट https://shramevjayate.cg.gov.in एवं लोक सेवा केंद्रों से संपर्क किया जा सकता है।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।