शासकीय बृजराज प्राथमिक शाला महासमुंद में आयोजित समर कैंप में उपस्थित महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने पूर्व छात्र के रूप में साझा की भावनाएं
समर कैंप में खेल-खेल में सीखने का संदेश, टीवी-मोबाइल से दूर रह शारीरिक विकास पर जोर दिया।

आपका आदेश न्यूज़ // महासमुंद 17 मई 2025 शासकीय बृजराज प्राथमिक शाला, महासमुंद में आयोजित समर कैंप 2025 में आज का दिन खास रहा, जब कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समर कैंप को नई ऊंचाई दी। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, नगरपालिका परिषद महासमुंद अध्यक्ष श्री निखिलकान्त साहू, जिला स्काउट गाइड अध्यक्ष श्री ऐतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, पार्षद श्री हरबंश भाई, श्री रिंकू चन्द्राकर, भाजपा युवा नेता श्री पप्पू ठाकुर, पूर्व पार्षद श्री विष्णु चन्द्राकर समेत अनेक वार्डों के पार्षद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने पुराने विद्यालय में लौटे विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने विद्यालय को ऐतिहासिक बताते हुए इसे नगर की सबसे पुरानी शिक्षा संस्था बताया। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय से कई गणमान्य नागरिक निकले हैं, और आज के छात्र ही कल के भविष्य हैं। उन्होंने छात्रों से स्कूल की गरिमा के अनुरूप उत्कृष्ट चरित्र निर्माण का आह्वान किया तथा समर कैंप में अधिकाधिक बच्चों को भाग लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि स्कूल में किसी भी प्रकार के भौतिक संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिलकान्त साहू ने बच्चों को समर कैंप की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जुम्बा डांस, योग एवं अन्य गतिविधियों से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है,आज के डिजिटल युग में बहुत आवश्यक है
उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को श्री ऐतराम साहू, श्री देवीचंद राठी, समग्र शिक्षा जिला मिशन समन्वयक श्री रेखराज शर्मा एवं सहायक संचालक श्री नंदकिशोर सिन्हा ने भी संबोधित किया। प्रधानपाठक श्रीमती गोमती साहू ने समर कैंप में संचालित गतिविधियों—नृत्य, संगीत, म्यूजिक, आर्ट, क्राफ्ट, ड्राइंग आदि की जानकारी दी। कक्षा तीसरी के विद्यार्थी खुशाल साहू ने “राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी” गीत पर हारमोनियम वादन कर सभी अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगायक एवं प्राचार्य श्री सुरेन्द्र मानिकपुरी द्वारा संगीत व गीत तथा उपप्राचार्य श्रीमती भावना गांधी द्वारा नृत्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है।यह समर कैंप 23 मई तक जारी रहेगा। इस विशेष अवसर पर बीईओ श्री लीलाधर सिन्हा, सीएसी श्री सुरेंद्र चंद्राकर, शिक्षकगण, पालकगण एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।