।। आपका आदेश न्यूज़ ।।
रायपुर _ प्रदेश कुनबी समाज महासंगठन, छत्तीसगढ़ द्वारा दिनांक 22 फरवरी 2026, रविवार को दोपहर 2 बजे से भारत माता चौक, गुढ़ियारी से तात्यापारा चौक तक छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह शोभायात्रा सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को समर्पित होगी।
कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री महोदय द्वारा भगवा ध्वज दिखाकर की जाएगी। शोभायात्रा में बहनों द्वारा पारंपरिक लेझीम एवं लाठी प्रदर्शन, बाजे-गाजे, बैंड एवं डीजे के साथ आकर्षक रैली तथा तीन सुसज्जित घोड़ों पर छत्रपति शिवाजी महाराज, राजमाता जिजामाता एवं महारानी तारारानी की भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
इस वर्ष संगठन द्वारा विशेष रूप से अधिक से अधिक संख्या में पैदल सहभागिता का आह्वान किया गया है, ताकि समाज की एकता, अनुशासन एवं सामूहिक शक्ति का प्रभावी प्रदर्शन हो सके।
कार्यक्रम में नगर एवं प्रदेश के अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी, जिनमें प्रमुख रूप से –
- बृजमोहन अग्रवाल, सांसद, रायपुर लोकसभा
- मीनल चौबे, महापौर, रायपुर नगर निगम
- मोतीलाल साहू, विधायक, रायपुर ग्रामीण
- संजय श्रीवास्तव, अध्यक्ष, नागरिक आपूर्ति निगम
- सच्चिदानंद उपासने, वरिष्ठ भाजपा नेता
- सुभाष अग्रवाल, प्रदेश संयोजक, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ
प्रदेश महासचिव अमित डोये ने समस्त छत्तीसगढ़ के कुनबी समाज के भाई-बहनों से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि “आपकी सहभागिता ही हमारी शक्ति है। आइए, हम सब मिलकर छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों—शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रसेवा—को जन-जन तक पहुँचाएं।”
संगठन ने प्रशासन से आवश्यक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए सभी सहभागी नागरिकों से अनुशासन एवं शांति बनाए रखने की अपील की है।
जय भवानी! जय शिवाजी!


परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।
