त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सख्ती, 18 नमूने परीक्षण हेतु संकलित।
“दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान संचालित किया जा रहा है”
//आपका आदेश न्यूज़//
महासमुंद 10 अक्टूबर 2025/ आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार तथा अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रसाधन श्री उमेश कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री शंखनाद भोई द्वारा पिछले 15 दिनों में मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों जैसे दही, देशी घी, खोवा, बेसन, पेड़ा, बुंदी लड्डू आदि के 07 विधिक नमूने तथा इलायची दाना, मूंगफली दाना, शक्कर, साबूदाना, घी, मैदा, पॉमोलीन तेल, बुंदी लड्डू, खोवा, कलाकंद एवं नारियल बर्फी के 11 सर्विलेंस नमूने संकलित किए गए हैं। ये सभी नमूने परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी, रायपुर भेजे गए हैं।
गौरतलब है कि रक्षाबंधन पर्व 2025 के दौरान भी विभाग द्वारा 08 मिठाइयों के विधिक नमूने एवं 12 सर्विलेंस नमूने संकलित किए गए थे। जांच में 08 विधिक नमूनों में से 04 नमूने मानक से अवमानक पाए गए, जबकि 04 नमूने मानक अनुरूप पाए गए। अवमानक पाए गए 03 प्रकरणों पर विवेचना जारी है तथा 01 प्रकरण माननीय एडीएम न्यायालय में विचाराधीन है। अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रसाधन ने बताया कि शेष सर्विलेंस नमूनों की रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दीपावली पर्व के मद्देनज़र जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच एवं निरीक्षण कार्य निरंतर जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।


परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।