“कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने मोर गांव- मोर पानी अभियान से जुड़ने और अपनी सहभागिता निभाने के लिए जिले वासियों से भावनात्मक अपील कर खुला पत्र लिखा”
“20 जून को ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान में बनाएं भागीदारी, करें जल संरक्षित भविष्य का निर्माण”
“कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा- जल संरक्षण की जनक्रांति के लिए आगे आएं, जिला वासियों से भावनात्मक अपील“

आपका आदेश न्यूज़।। कवर्धा, 18 जून 2025। “जल बचाना है तो आज ही से शुरूआत करना होगा। इसी संदेश के साथ कबीरधाम कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने जिले के नागरिकों को एक भावनात्मक और प्रेरणादायक खुला पत्र लिखते हुए ‘मोर गांव मोर पानी’ महाअभियान में भागीदारी निभाने की विशेष अपील की है।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की प्रेरणा से प्रारंभ किया गया यह अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह छत्तीसगढ़ को जल संकट से बचाने की दिशा में एक जनक्रांति है। उन्होंने कहा कि भू-जल स्तर में लगातार हो रही गिरावट एक गंभीर चिंता का विषय है, और इसका स्थायी समाधान जनसहभागिता से ही संभव है।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से आग्रह किया कि वे 20 जून 2025 को आयोजित विशेष श्रमदान कार्यक्रम में पूरे उत्साह और संकल्प के साथ भाग लें। इस दिन प्रातः 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिले के चिन्हित ग्रामों में सामूहिक रूप से ‘सोख गड्ढा’ (3×3 फीट आकार) निर्माण कर जल संरक्षण की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।
“घर के पानी को घर में, गांव के पानी को गांव में”
इस मूल विचार को आत्मसात करते हुए ग्राम पंचायतों में सभी नागरिकों द्वारा जल संरक्षण की शपथ भी ली जाएगी।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि कबीरधाम जिले की धरती ने हमें बहुत कुछ दिया है। अब समय है कि हम उसे लौटा सकें। स्वच्छ जल के रूप में। ‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान में आपकी भागीदारी जल क्रांति की दिशा में निर्णायक कदम होगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाले कल को सुरक्षित करने का संकल्प है। “आपका हर एक कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य उपहार बन सकता है।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।