“डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार हेतु 31 जुलाई तक आमंत्रित किए जा रहे हैं आवेदन”
आपका आदेश न्यूज़।।कवर्धा, 30 मई 2025।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वर्ष 2025 के लिए “डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार” हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। संचालनालय कृषि, छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा जारी निर्देशानुसार इच्छुक कृषक 31 जुलाई 2025 तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। यह पुरस्कार राज्य स्थापना दिवस 1 नवम्बर 2025 के अवसर पर प्रदान किया जाएगा, जिसमें दो लाख रूपए की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। आवेदन पत्र उप संचालक कृषि एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं तथा पूर्ण रूप से भरकर संबंधित कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ कृषक की सफलता की कहानी अधिकतम दो पृष्ठों में संलग्न करनी होगी, साथ ही छायाचित्र एवं वीडियो सीडी भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
इस पुरस्कार के लिए वही कृषक पात्र होंगे जो छत्तीसगढ़ राज्य के मूल निवासी हों, पिछले दस वर्षों से राज्य में कृषि कार्य कर रहे हों, जिनकी कुल वार्षिक आमदनी में न्यूनतम 75 प्रतिशत आय कृषि से हो और जो तकाबी, सिंचाई शुल्क अथवा सहकारी बैंकों के कालातीत ऋणी न हों। कृषकों के चयन एवं मूल्यांकन में फसल विविधीकरण, उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने, अन्य कृषकों को प्रेरित करने, विगत तीन वर्षों में फसल उत्पादकता, कृषि क्षेत्र में नवाचार, भूमि एवं जल संरक्षण, समन्वित कृषि प्रणाली और विपणन में योगदान जैसे बिंदुओं को ध्यान में रखा जाएगा। आवेदन पत्र में उल्लिखित तथ्यों का सत्यापन विकासखंड स्तरीय डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार छानबीन समिति द्वारा किया जाएगा। इसके उपरांत कृषकों का अंतिम चयन जिला स्तरीय छानबीन समिति एवं राज्य स्तरीय जूरी द्वारा किया जाएगा, जिनका निर्णय अंतिम एवं बाध्यकारी होगा।
इस संबंध में प्रोजेक्ट डायरेक्टर (आत्मा) सह उप संचालक कृषि, कबीरधाम ने जिले के सभी कृषकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर अपना आवेदन प्रस्तुत करें और राज्य स्तरीय इस प्रतिष्ठित पुरस्कार हेतु सहभागिता दर्ज कराएं।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।
