कबीरधाम में चलेगा 29 मई से 12 जून तक’विकसित कृषि संकल्प अभियान’

किसानों को उन्नत तकनीकों और योजनाओं की दी जाएगी जानकारी, वैज्ञानिक करेंगे गांव-गांव संवाद
आपका आदेश न्यूज़ //कवर्धा, 25 मई 2025 जिले में किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के उद्देश्य से 29 मई से 12 जून तक ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। यह अभियान कृषि एवं समवर्गी विभाग के तत्वावधान में जिले के गांव-गांव तक पहुंचेगा, जहां वैज्ञानिकों की टीम किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, आधुनिक उपकरणों और शासन की योजनाओं की जानकारी देगी।
अभियान के दौरान खरीफ सीजन की प्रमुख फसलों के लिए उन्नत खेती के तौर-तरीकों, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार फसल चयन और संतुलित खादों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों के अनुभव, नवाचारों और फीडबैक के आधार पर कृषि अनुसंधान की दिशा तय की जाएगी। जिले के सभी ग्राम पंचायतों में अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा और मुनादी के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को शिविरों में आमंत्रित किया जाएगा।

कबीरधाम जिले में इस अभियान के क्रियान्वयन के लिए तीन विशेष टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें प्रतिदिन 6-6 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित कर किसानों से सीधा संवाद करेंगी। प्रत्येक टीम में आईसीएआर, कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान, एफपीओ एवं एफआईजी प्रतिनिधि शामिल रहेंगे।
इन शिविरों में वैज्ञानिकों द्वारा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, कृषि ड्रोन प्रौद्योगिकी का उपयोग, धान की सीधी बुवाई (DSR), सोयाबीन में उन्नत फसल तकनीक, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, बीज व उर्वरक उपयोग की जानकारी दी जाएगी। साथ ही आईसीटी माध्यमों से किसानों को जागरूक किया जाएगा।
अभियान की प्रभावी निगरानी हेतु उप संचालक कृषि कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जिले के किसानों से अपील की गई है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता कर उन्नत खेती अपनाएं और शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लें।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।