पिथौरा विकासखंड के ग्राम खुटेरी में समाधान शिविर का आयोजन

ग्राम खुटेरी समाधान शिविर में किसानों को धान बीज एवं किसान क्रेडिट कार्ड का किया गया वितरण

ग्राम खुटेरी पिथौरा

आपका आदेश न्यूज़ // महासमुंद, 19 मई 2025 सुशासन तिहार के तहत पिथौरा विकासखंड के ग्राम खुटेरी में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी शामिल हुए। सांसद श्रीमती चौधरी की उपस्थिति में कृषि विभाग द्वारा किसानों को धान बीज एवं किसान क्रेडिट कार्ड का वितरण किया गया।
शिविर के दौरान उप संचालक कृषि श्री एफ. आर. कश्यप ने जानकारी दी कि विकासखंड की सभी सहकारी समितियों में धान बीज का भंडारण पूरा कर लिया गया है, जिसे किसान अब सहूलियतपूर्वक प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विभाग द्वारा 10 वर्ष के भीतर विकसित नई किस्मों के धान बीजों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जो पारंपरिक किस्मों की तुलना में बेहतर उपज देने में सक्षम हैं। इन किस्मों में रोग प्रतिरोधक क्षमता भी अधिक है।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को उन्नत तकनीकों और नई किस्मों से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उप संचालक ने बताया कि कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार सभी कृषि विस्तार अधिकारियों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे किसानों को नई किस्मों की जानकारी नियमित रूप से प्रदान करें ताकि किसान इसका भरपूर लाभ उठा सकें। महासमुंद जिले की सहकारी समितियों में जिन प्रमुख धान किस्मों का भंडारण किया गया है, उनमें एमटीयू-1156, एमटीयू-1318, सीजी देवभोग, विक्रम टीसीआर, सीजी धान 1919 एवं सीजी दुबराज शामिल हैं। ये सभी किस्में 10 वर्ष के भीतर विकसित की गई हैं और आधुनिक कृषि तकनीकों के अनुरूप हैं। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। कृषकों ने इस पहल की सराहना करते हुए शासन एवं कृषि विभाग का आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *