रातों-रात राख हुई “समता जी मल्टीस्टोर” — शॉर्ट सर्किट या सिस्टम की लापरवाही?


दीनदयाल उपाध्याय नगर सेक्टर-2 में गार्डन के सामने आग से तबाही, मेहनत की कमाई जलकर खाक !

रायपुर डेस्क

दीनदयाल उपाध्याय नगर के सेक्टर-2 में गार्डन के सामने बीती रात एक ऐसी घटना घटी जिसने एक परिवार की वर्षों की मेहनत को कुछ ही मिनटों में राख में बदल दिया। इलाके में संचालित “समता जी मल्टीस्टोर” नामक दुकान में अचानक आग भड़क उठी, जिसने दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलाकर खाक कर दिया।

बताया जा रहा है कि यह दुकान राजेंद्र शुक्ला की पत्नी श्रीमती समता शुक्ला द्वारा संचालित की जा रही थी। दुकान में दैनिक उपयोग के अनेक प्रकार के सामान बड़ी मात्रा में रखे हुए थे। देर रात अचानक लगी आग ने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन असली कारण अब भी जांच का विषय बना हुआ है।

घटना की जानकारी रात लगभग 2 बजे एक डिलीवरी बॉय के रूप में काम करने वाले युवक को हुई। दुकान से उठते धुएं और आग को देखकर उसने दुकान के बोर्ड पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर तुरंत राजेंद्र शुक्ला को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही शुक्ला दंपति घबराए हुए मौके पर पहुंचे।

जैसे ही दुकान का शटर खोला गया, अंदर से उठ रही आग की भयंकर लपटें बाहर तक फैल गईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के मोहल्ले के लोग भी जाग गए और सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलकर राख में तब्दील हो चुका था।

अब उठ रहे हैं तीखे सवाल

आखिर शॉर्ट सर्किट हुआ कैसे?

क्या इलाके की बिजली व्यवस्था सुरक्षित है या लापरवाही का शिकार?

क्या दुकानों में विद्युत सुरक्षा की जांच कभी होती भी है?

अगर बिजली व्यवस्था की खामी सामने आती है तो क्या जिम्मेदार विभाग इसकी भरपाई करेगा?

और सबसे बड़ा सवाल — एक परिवार की बर्बाद हुई मेहनत का जिम्मेदार कौन?


इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भी चिंता और आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था की जांच और निगरानी होती, तो शायद यह नुकसान टाला जा सकता था।

अब सबकी निगाहें प्रशासन और जिम्मेदार विभागों पर टिकी हैं कि क्या वे पीड़ित परिवार को राहत देंगे, या फिर यह घटना भी फाइलों में दबकर रह जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *