छत्तीसगढ़ के अयान ख्वाजा बने विख्यात निशानेबाज।
“राष्ट्रीय शूटिंग में शानदार प्रदर्शन से टीम इंडिया ट्रायल्स के लिए क्वालीफाई”
“अयान ख्वाजा का यह प्रदर्शन अचानक नहीं है, बल्कि वर्षों की साधना, निरंतर अभ्यास और प्रतियोगी अनुभव का परिणाम है”
।। आपका आदेश न्यूज़ ।।
रायपुर _: रायपुर छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली युवा निशानेबाज अयान ख्वाजा ने एक बार फिर अपनी अचूक दृष्टि, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी, भोपाल में आयोजित नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता (दिनांक 11 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026) में 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अयान ख्वाजा ने “विख्यात निशानेबाज” की प्रतिष्ठित उपाधि प्राप्त की।
इस शानदार उपलब्धि के साथ ही उन्होंने टीम इंडिया ट्रायल्स के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है, जो उनके खेल जीवन की एक बड़ी और निर्णायक उपलब्धि मानी जा रही है।
अयान ख्वाजा का यह प्रदर्शन अचानक नहीं है, बल्कि वर्षों की साधना, निरंतर अभ्यास और प्रतियोगी अनुभव का परिणाम है। इससे पूर्व वे देहरादून में आयोजित ऑल इंडिया ओपन नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। वहीं, भोपाल ऑल इंडिया ओपन राइफल प्रतियोगिता में उन्होंने एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम कर अपनी निरंतरता और उत्कृष्टता को सिद्ध किया है।
लगातार राष्ट्रीय मंच पर पदक जीतकर अयान ख्वाजा ने न केवल अपनी व्यक्तिगत पहचान बनाई है, बल्कि सम्पूर्ण भारत में छत्तीसगढ़ राज्य का मान बढ़ाया है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही समर्पण और अनुशासन बना रहा, तो आने वाले समय में अयान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का प्रतिनिधित्व करते नजर आ सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि अयान ख्वाजा को यह सफलता अपने मार्गदर्शकों अहमद अली चिश्ती (रायपुर) एवं नीरज निखिल साइमन (भिलाई) से प्राप्त सशक्त प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और मानसिक मजबूती के कारण मिली है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और प्रदेशवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।