बिलासपुर रेल हादसा : मालगाड़ी और मेमू लोकल के डिरेलमेंट से मचा हड़कंप_10 से अधिक यात्रियों की मौत, कई घायल।

।।आपका आदेश न्यूज़ छत्तीसगढ़।।

बिलासपुर।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन के समीप आज शाम लगभग 4:00 बजे एक दर्दनाक रेल दुर्घटना घटी, जब मेमू लोकल ट्रेन मालगाड़ी से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे पटरी से उतर गए (डिरेल हो गए) और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

घटना में 10 से अधिक यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल, सीएमएच (रेलवे अस्पताल) एवं अन्य नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका समुचित उपचार जारी है।

राहत एवं बचाव कार्य जारी

दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जिला पुलिस, एनडीआरएफ एवं दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव कार्य देर रात तक जारी है।
स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत दल की मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

रेल प्रशासन ने की मुआवजा राशि की घोषणा

रेलवे ने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मुआवजे की घोषणा की है —

मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख,

गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ₹5 लाख,

तथा सामान्य रूप से घायल यात्रियों को ₹1 लाख की सहायता राशि दी जाएगी।

रेलवे ने साथ ही आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, ताकि यात्री एवं उनके परिजन आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें।

आपातकालीन संपर्क नंबर:

•• बिलासपुर: 7777857335, 7869953330
•• चांपा: 8085956528
•• रायगढ़: 9752485600
•• पेंड्रा रोड: 8294730162
•• कोरबा: 7869953330

रेल प्रशासन ने कहा है कि इन नंबरों पर 24 घंटे सहायता उपलब्ध रहेगी और सभी परिजनों को समय-समय पर अद्यतन जानकारी दी जाएगी।

रेलवे का आधिकारिक बयान

रेलवे द्वारा जारी बयान में कहा गया —

“आज शाम लगभग 16:00 बजे बिलासपुर स्टेशन के पास मेमू ट्रेन का एक डिब्बा मालगाड़ी से टकरा गया। इस हादसे में कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। सभी घायलों के इलाज हेतु तत्काल सभी संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। राहत और बचाव दल पूर्ण तत्परता से कार्य कर रहे हैं, तथा यात्रियों की सुरक्षा और समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है।”

जांच के आदेश जारी

रेलवे के उच्च अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक रूप से संभावना जताई जा रही है कि सिग्नलिंग या तकनीकी खराबी इस हादसे का कारण हो सकती है।
रेलवे सेफ्टी कमिश्नर (CRS) स्तर पर जांच टीम गठित की जा रही है, जो घटना की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *