होली क्रॉस की प्रचार्या पर दर्ज हुआ FIR – पुलिस पर लीपापोती के लगे आरोप।
होली क्रॉस विमेन्स कॉलेज अंबिकापुर में विवादित नक्शे पर प्राचार्या शांता जोसफ पर एफआईआर – प्राचार्य के रहते कैसे होगी निष्पक्ष जाँच?

आपका आदेश न्यूज़ _अम्बिकापुर।
होली क्रॉस विमेन्स कॉलेज अंबिकापुर में 5 और 6 जनवरी 2024 को आयोजित एनुअल स्पोर्ट्स मीट के दौरान भारत का एक विकृत नक्शा प्रदर्शित किया गया था, जिसमें अक्साई चीन और पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर (पीओके) शामिल नहीं थे। यह तस्वीर कॉलेज के आधिकारिक फेसबुक पेज पर 19 जनवरी 2024 को पोस्ट की गई थी, जो लगभग 19 महीनों तक वहाँ रही।
1 सितंबर 2025 को महाविद्यालय द्वारा अपनी गतिविधियों की नई तस्वीरें अपलोड करने पर उक्त विवादित नक्शा पुनः लोगों की नज़र में आया। इसके बाद भाजपा नेता कैलाश मिश्रा ने थाना गांधी नगर में इस मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।




पुलिस ने उक्त शिकायत के आधार पर होली क्रॉस विमेन्स कॉलेज की प्राचार्या शांता जोसफ और फेसबुक पेज के संचालक के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 505(1)(B) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच प्रारंभ कर दी है।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि इस मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और देशद्रोह की धाराएँ न जोड़ना पुलिस की कार्यप्रणाली को संदेह के घेरे में लाता है।
सूत्र बताते हैं कि किसी ईसाई समुदाय के विधायक द्वारा इस मामले में हस्तक्षेप कर पुलिस पर दबाव बनाने की बात सामने आई है, जिससे जाँच की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
भाजपा नेताओं के आरोप:
भाजपा नेताओं का कहना है कि जब तक उक्त मामले में अभियुक्त प्राचार्या अपने पद पर बनी रहेंगी, पुलिस की जाँच निष्पक्ष नहीं हो सकती। चूंकि यह कॉलेज शासकीय अनुदान प्राप्त है, इसलिए शासन को तत्काल हस्तक्षेप कर प्राचार्या—जो देशद्रोह जैसे गंभीर आरोपों का सामना कर रही हैं—को पद से हटाना चाहिए।
आंदोलन की चेतावनी:
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया है कि यदि महाविद्यालय प्रबंधन प्राचार्या को तत्काल पदभार मुक्त नहीं करता, तो विभिन्न छात्र संगठन इस मामले पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। विदित हो कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) पहले ही कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जाँच की माँग कर चुकी है।


परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।