“हर घर तिरंगा अभियान” तिरंगे के रंग में रंगा कवर्धा शहर, कलेक्टर सहित अधिकारियों ने जगाया देशभक्ति का जज़्बा।
“कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने विद्यार्थियों, अधिकारियों और नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान बनाए रखने की शपथ दिलाई“
“हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली गई तिरंगा यात्रा”

आपका आदेश न्यूज़ छत्तीसगढ़ //कवर्धा, 12 अगस्त 2025। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज स्वामी करपात्री जी स्कूल से तिरंगा यात्रा निकाली गई। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा स्वयं राष्ट्रीय ध्वज लेकर तिरंगा यात्रा में सम्मिलित हुए और शहर में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति का संदेश प्रदान किया। सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा कवर्धा शहर के स्वामी करपात्री स्कूल से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए भारत माता चौक तक पहुंचा, कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने सभी विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान बनाए रखने की शपथ दिलाई। तिरंगा यात्रा के दौरान शहर देशभक्ति के गीतों, वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। हर ओर तिरंगे के रंग लहरा रहे थे और छोटे-बड़े सभी के चेहरे पर राष्ट्र के प्रति गर्व और उत्साह साफ झलक रहा था। बच्चे हाथों में तिरंगा झंडा थामे गर्व से यात्रा में कदमताल करते दिखे। आज की यह तिरंगा यात्रा राष्ट्र के प्रति प्रेम, एकता और समर्पण का जीवंत उदाहरण बनी, जिसने कवर्धा के हर नागरिक के दिल में देशभक्ति के प्रति प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओं श्री अजय कुमार त्रिपाठी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री वर्मा, सहायक संचालक श्री एमके गुप्ता सहित विद्यार्थी, अधिकारी-कर्मचारी, शहर के नागरिकगण उपस्थित थे। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की स्वतंत्रता, बलिदान और एकता की अमर गाथा का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि तिरंगे का सम्मान और संरक्षण करना प्रत्येक भारतीय का परम कर्तव्य है और हमें सदैव इसके गौरव को बनाए रखने के लिए संकल्पित रहना चाहिए। देश की प्रगति और समृद्धि के लिए हम सभी को मिलजुलकर कार्य करना होगा। उन्होंने युवा पीढ़ी से आग्रह किया कि वे राष्ट्रनिर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं, शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए और अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देना चाहिए। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य केवल ध्वज फहराना नहीं, बल्कि नागरिकों में देश के प्रति जिम्मेदारी और गर्व की भावना को जागृत करना है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों और अधिकारों के प्रति सजग होगा, तभी हमारा देश वास्तव में मजबूत और आत्मनिर्भर बन सकेगा। उन्होंने सभी से अपील की कि वे राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और आने वाली पीढ़ियों को भी तिरंगे के महत्व से अवगत कराएं। कलेक्टर श्री वर्मा ने बताया कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा-2025 कार्यक्रम का आयोजन देशभर में 2 से 15 अगस्त 2025 तक किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत कबीरधाम जिले में भी जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम का थीम ’’हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छताः स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’’ है। जिसका उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुँचाना और स्वच्छता के प्रति जनचेतना को सशक्त बनाना। हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन तीन चरणों में किया जा रहा है। प्रथम चरण 2 से 8 अगस्त 2025 तक, द्वितीय चरण 9 से 12 अगस्त 2025 तक किया गया। तृतीय चरण 13 से 15 अगस्त 2025 तक विभिन्न आयोजन होंगे।


परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।