“कबीरधाम जिले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की भव्य तैयारी , उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा होंगे मुख्य अतिथि”
21 जून को पी.जी. कॉलेज डोम मैदान में होगा सामूहिक योगाभ्यास, जनप्रतिनिधि और नागरिक लेंगे सहभागिता
आपका आदेश न्यूज़।। कवर्धा, 20 जून 2025। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर कबीरधाम जिले में 21 जून को भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन जिला प्रशासन कबीरधाम के तत्वावधान में पी.जी. कॉलेज डोम मैदान, कवर्धा में प्रातः 7 बजे से आयोजित होगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे और योग के महत्व को लेकर अपने विचार साझा करेंगे। वे नागरिकों को योग अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वररी साहू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चन्द्रवशी, और जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी की गरिमामयी उपस्थिति भी सुनिश्चित है।
यह आयोजन देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” के संदेश को आत्मसात करते हुए किया जा रहा है। योग को केवल व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, शारीरिक और आत्मिक संतुलन का माध्यम मानते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में यह एक महाअभियान के रूप में आयोजित हो रहा है।
कार्यक्रम स्थल पर “योग: कर्मसु कौशलम्” और “योग संगम एवं हरित योग” जैसे प्रेरणादायक नारों के साथ सहभागियों को योगाभ्यास कराया जाएगा। इसमें सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, ध्यान और अन्य योग क्रियाएं शामिल होंगी।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस सामूहिक योग सत्र में भाग लेकर स्वस्थ राष्ट्र निर्माण की इस पहल में सहभागी बनें और योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।