“ग्रामीणों की मांग को मिली स्वीकृति की दिशा, सकरी नदी पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण के लिए प्रशासकीय प्रक्रिया शुरू”
“कलेक्टर श्री वर्मा ने संज्ञान में लिया, समस्याओं के निराकरण की दिशा में कार्यवाही शुरू”

आपका आदेश न्यूज़।। कवर्धा, 19 जून 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के विशेष प्रयास से कबीरधाम जिले के दूरस्थ ग्रामीण अंचल क्षेत्रो में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने तथा सड़क निर्माण सहित पुल पुलिया के निर्माण की दिशा में विशेष प्रयास किया जा रहा है।
जिले के बोड़ला विकासखण्ड के ग्राम बेंदा एवं बीजाझोर गांव की महिलाएं, गर्भवती माताएं, स्कूली बच्चे और ग्रामीण सकरी नदी को पार करने के लिए आज भी पारंपरिक और असुरक्षित साधनों का उपयोग करते संबंधित सूचना कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा को लगातार सूचना मिल रही थी। कलेक्टर श्री वर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रो की समस्याओं को संज्ञान लेकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण उपसंभाग कवर्धा द्वारा जानकारी दी गई है कि भोरमदेव-छेरकीकछार मार्ग पर चौरा के पास स्थित सकरी नदी पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण के लिए कार्ययोजना वर्ष 2025-26 के बजट मांग संख्या 24/5054 (7976) जवाहर सेतु योजना के अंतर्गत सम्मिलित की गई है।
विभाग ने बताया कि पुल निर्माण के लिए कुल 382.55 लाख रुपए की राशि का विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर अधीक्षण अभियंता, सेतु मंडल रायपुर के माध्यम से शासन को प्रशासकीय स्वीकृति के लिए भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि इस पुल के निर्माण से करीब 13 गांवों की लगभग 8027 की आबादी सीधे तौर पर लाभान्वित होगी।

वर्तमान में सकरी नदी पर पुल नहीं होने से ग्रामीणों को प्रसव जैसी आपात स्थितियों में भी चारपाई या अस्थायी साधनों से नदी पार करनी पड़ती है। बच्चों को स्कूल जाने के लिए पानी में उतरना पड़ता है, जिससे शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग द्वारा पहले से इस परियोजना को प्राथमिकता में रखते हुए बजट वर्ष 2025-26 के प्रारंभिक प्रावधानों में 20 लाख रुपए का प्रावधान किया गया था। अब विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर प्रशासकीय स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है। स्वीकृति प्राप्त होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।