“स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रशासन सख्त”
“जिले में स्कूली वाहनों की सघन जांच, 110 बसों की हुई जांच, 03 वाहन पाए गए अनफिट“

आपका आदेश न्यूज़।। कवर्धा, 17 जून 2025। स्कूली बच्चों के परिवहन में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने हेतु जिला कबीरधाम में स्कूली वाहनों की व्यापक जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान छत्तीसगढ़ मोटर यान नियम 1994 के नियम 76 (ख) के तहत परमिट शर्तों, सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों तथा सुरक्षा मापदंडों के अनुरूप संचालित किया गया।
यह संयुक्त जांच शिविर कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में 14 जून एवं 17 जून को पीजी कॉलेज मैदान, कवर्धा में आयोजित किया गया, जिसमें परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सहभागिता दी। इस दौरान स्कूली वाहनों की तकनीकी और दस्तावेजीय जांच की गई तथा वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि बच्चों के जीवन की जिम्मेदारी उठा रहे चालक पूरी तरह सक्षम एवं सजग हों।

जिला परिवहन अधिकारी श्री मोहन साहू ने बताया कि अब तक कुल 110 स्कूल बसों की जांच की जा चुकी है। जांच के दौरान कुछ वाहनों में दस्तावेजों की कमी, फिटनेस में गड़बड़ी एवं अन्य तकनीकी खामियां पाई गईं, जिन्हें वाहन स्वामियों को अवगत कराते हुए शीघ्र सुधार कर दोबारा जांच के निर्देश दिए गए हैं। वहीं 03 वाहन पूरी तरह से अनफिट पाए गए, जिनका संचालन तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है।
जो स्कूल वाहन इस संयुक्त जांच में अनुपस्थित रहे हैं, उन्हें 20 जून 2025 को पुनः निर्धारित तिथि पर जांच हेतु उपस्थित होने के लिए कहा गया है। श्री साहू ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य जांच नहीं कराई गई, तो संबंधित वाहन मालिकों एवं संस्थानों के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग द्वारा सभी शैक्षणिक संस्थानों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने वाहनों को सभी सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित करें एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। यह सुनिश्चित भी किया जा रहा है कि जिले में किसी भी स्कूली वाहन का संचालन बिना पूर्ण जांच और अनुमोदन के न किया जाए।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।