“विशेष पिछड़ी जनजाति शिविर निरीक्षण के साथ कमार डेरों का दौरा, बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का लिया जायजा”
आयोजित शिविरों में हितग्राहियों को मिला शासकीय योजनाओं का लाभ
इस शिविर का निरीक्षण बागबाहरा एसडीएम श्री उमेश कुमार साहू एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस. आलोक के द्वारा किया गया।

आपका आदेश न्यूज़।। महासमुंद, 07 जून 2025/ विशेष पिछड़ी जनजाति के सामाजिक, आर्थिक और बुनियादी विकास को लेकर शासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 06 महासमुंद जिले के हाड़ाबंद गांव में शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का निरीक्षण जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस. आलोक तथा बागबाहरा एसडीएम श्री उमेश कुमार साहू द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिविर स्थल के साथ-साथ कमार जनजाति के डेरों का भी भ्रमण कर वहां की मूलभूत सुविधाओं जैसे – आवास, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं एवं पोषण आहार की वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ श्री आलोक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय पोषण मिशन, मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना, आयुष्मान भारत योजना जैसी विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने पेयजल समस्या के स्थायी समाधान हेतु जल संसाधन विभाग को निर्देश भी दिए।
वहीं एसडीएम श्री साहू ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि कमार जैसे विशेष समुदायों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। उन्होंने वन अधिकार पत्र, राशन कार्ड, आधार पंजीयन, बैंक खाता, वोटर कार्ड, जैसी बुनियादी सेवाओं से वंचित लोगों को तत्काल लाभान्वित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
06 जून को महासमुंद विकासखंड के अमलोर और रामपुर ग्रामों तथा बागबाहरा विकासखंड के सिर्रीपठारीमुड़ा और हाड़ाबंद गांवों में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं प्रदान करने हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया गया तथा आधार अपडेट, आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण, बैंक खाता खोलने, राशन कार्ड तथा वोटर कार्ड से संबंधित कार्य संपन्न किए गए। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं की पहुंच को सरल बनाना एवं नागरिकों को आवश्यक बुनियादी दस्तावेज उपलब्ध कराना था। शिविरों में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, जल संसाधन विभाग के अधिकारी, खाद्य विभाग,ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक सहित अनेक विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।