“बेटियों के सम्मान में वृक्षारोपणविश्व पर्यावरण दिवस पर महिला एवं बाल विकास विभाग की अभिनव पहल”

कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं कार्यालय परिसर में हुआ वृक्षारोपण

आपका आदेश न्यूज़।। कवर्धा, 5 जून 2025। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कबीरधाम द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं बेटियों के सम्मान को समर्पित भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित विभागीय कार्यालय परिसर सहित जिले के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में वृक्षारोपण किया गया। यह आयोजन ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण से हुई, जहाँ विभिन्न फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर किशोरी बालिकाओं के हाथों पौधरोपण कर यह संदेश दिया गया कि बेटियां और प्रकृति दोनों का संरक्षण, संवर्धन और विकास समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री आनन्द तिवारी ने बताया कि यह वृक्षारोपण अभियान केवल एक प्रतीकात्मक आयोजन नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण देने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के प्रेरक मार्गदर्शन और सहयोग से जिले में पर्यावरणीय जागरूकता अभियान लगातार प्रभावशाली ढंग से संचालित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर जिले के अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्रों में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ किशोरी बालिकाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने मिलकर उत्साहपूर्वक पौधे लगाए। वृक्षारोपण के साथ-साथ इन पौधों के संरक्षण हेतु देखरेख की जिम्मेदारी भी स्थानीय आंगनबाड़ी केन्द्रों को सौंपी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *