“जन चौपाल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने सुनाई अपनी समस्या”
कलेक्टर श्री लंगेह ने प्राप्त आवेदनों पर त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

आपका आदेश न्यूज़।। महासमुंद, 3 जून 2025/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जन चौपाल कार्यक्रम में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में बारी-बारी से जिले के आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। जन चौपाल में आज 82 आवेदन प्राप्त हुए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों ने अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
जन चौपाल में श्रीमती कल्पना गिरी गोस्वामी द्वारा अपने स्वर्गीय पति की दुर्घटना में हुई मृत्यु पर आर्थिक सहायता राशि हेतु आवेदन किया जिस पर कलेक्टर ने उचित कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। गाम फुलझर के कुबेर साहू तेली समाज कल्याण समिति परिक्षेत्र सराईपाली द्वारा सामुदायिक भवन हेतु भूमि आबंटन के संबंध में आवेदन किया गया। ग्राम पंचायत साराडीह के सरपंच के पति द्वारा हस्ताक्षर करने विरुद्ध ग्रामवासियों द्वारा आवेदन किया गया, जिस पर कलेक्टर ने जाँच कर कार्यवाही के निर्देश दिए। ग्राम रावणभाटा पिथौरा निवासी पुष्पा प्रधान द्वारा ट्रेक्टर को अवैध रूप से बेच देने के संबंध में कार्यवाही हेतु आवेदन किया गया। ग्राम बेमचा निवासी रामटहल निषाद द्वारा बंदोबस्त त्रुटि के संबंध में आवेदन किया, इसी क्रम में ग्राम जम्हर पिथौरा निवासी टेकलाल बरिहा ने सीमांकन हेतु आवेदन किए। ग्राम पंचायत नांदगांव निवासी योगेश बरिहा ने वार्ड क्रमांक 19 में पानी भराव की समस्या के निराकरण हेतु सीसी रोड निर्माण के लिए आवेदन किए। ग्राम लोहराकोट पिथौरा के ग्रामवासियों द्वारा ग्राम लोहराकोट में खाद्यान भंडारण एवं वितरण हेतु आवेदन किया गया। जिस पर कलेक्टर ने उचित कार्यवाही हेतु आश्वस्त किया।

इसके अलावा जन चौपाल में बड़ी संख्या में सड़क निर्माण, पीएम आवास योजना, नल-जल योजना, वन अधिकार पट्टा, किसान किताब, लंबित भुगतान, अवैध अतिक्रमण, मानदेय राशि सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।