“कोविड-19 के नए वेरिएंट JN-1 को लेकर महासमुंद जिला प्रशासन अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने तेज की तैयारियाँ”
आपका आदेश न्यूज़।।महासमुंद, 01 जून 2025/ देश के कुछ राज्यों में कोविड-19 के नए वेरिएंट JN-1 के मामलों में वृद्धि को देखते हुए छत्तीसगढ़ शासन ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। शासन के 28 मई 2025 को जारी निर्देशों के अनुपालन में महासमुंद जिले में स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री पी कुदेशिया ने जानकारी दी कि कोविड-19 प्रबंधन को लेकर जिले में सभी स्वास्थ्यकर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। कोविड से जुड़ी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला चिकित्सालय में 6 बेड (ICU with ventilator) तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर 2-2 बेड आरक्षित रखे गए हैं।साथ ही शासन द्वारा विशेष रूप से ILI (Influenza Like Illness) और SARI (Severe Acute Respiratory Infection) मामलों की निगरानी पर ज़ोर दिया गया है। सभी स्वास्थ्य संस्थानों को आई.एच.आई.पी. पोर्टल पर नियमित रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए निम्नलिखित सावधानियों का पालन करना आवश्यक है जिसमें हाथों को नियमित रूप से साबुन और साफ पानी से धोएं, अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों में मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। बिना धोए हाथों से आंख, नाक और मुंह को न छुएं।खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रूमाल या कोहनी से ढकें और इसमें से किसी भी लक्षण के दिखाई देने पर घर पर ही रहें और संतुलित एवं पौष्टिक आहार लें।
उच्च जोखिम वाले समूह (हाई रिस्क ग्रुप) में आने वाले व्यक्तियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है जिसमें नवजात शिशु एवं छोटे बच्चे,कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली (इम्यूनिटी) वाले व्यक्ति, 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक,गर्भवती महिलाएं और अस्थमा, डायबिटीज, हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति शामिल है।वर्तमान में महासमुंद जिले में कोविड-19 का कोई सक्रिय मामला नहीं है। हालांकि, किसी भी संभावित लहर से निपटने के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क एवं तैयार हैं।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।