“विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत 15 दिवसीय कृषि रथ रवाना”
गांव-गांव पहुंचेगी वैज्ञानिकों की टोली, किसानों को मिलेंगे उन्नत तकनीकों और योजनाओं की जानकारी

आपका आदेश न्यूज़।। कवर्धा, 29 मई 2025। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से कबीरधाम जिले में “विकसित कृषि संकल्प अभियान” की शुरुआत की गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू एवं कृषि सभापति श्री रामकुमार भट्ट ने इस अभियान के तहत कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।
यह अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक यानी कुल 15 दिनों तक जिले भर में संचालित किया जाएगा। इस दौरान कृषि एवं समवर्गीय विभाग के साथ-साथ कृषि विज्ञान केन्द्र, आईसीएआर और अन्य तकनीकी संस्थानों के वैज्ञानिकों की टीमें गांव-गांव पहुंचकर किसानों को खेती के उन्नत तरीकों, वैज्ञानिक सलाह और शासन की योजनाओं की जानकारी देंगी।
अभियान के दौरान खरीफ मौसम की प्रमुख फसलों से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार फसलों के चयन और संतुलित खाद उपयोग, फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को दी जाएगी। इसके साथ ही किसानों से फीडबैक लेकर उनके नवाचारों को अनुसंधान की दिशा देने का कार्य भी किया जाएगा।
जिले में तीन टीमों का गठन किया गया है, जो प्रतिदिन 6 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित करेंगी। इस प्रकार कुल 78 ग्राम पंचायतों में अभियान के अंतर्गत शासन की योजनाओं और तकनीकों की जानकारी सीधे किसानों तक पहुंचेगी।
इन टीमों में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के अधिकारी, कृषि विज्ञान केन्द्र एवं आईसीएआर के वैज्ञानिक, एफपीओ-एफआईजी प्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान, कृषि उद्यमी, ड्रोन दीदी एवं लखपति दीदी शामिल किए गए हैं। अभियान में धान की सीधी बुवाई (डीएसआर), सोयाबीन की उन्नत खेती, प्राकृतिक खेती, ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन और आईसीटी टूल्स के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जाएगा।
किसानों के साथ सीधे संवाद के दौरान वैज्ञानिक न केवल तकनीकी जानकारी देंगे, बल्कि उनकी समस्याओं को भी सुनेंगे और समाधान सुझाएंगे। वहीं, इस अभियान के सुचारू संचालन हेतु उप संचालक कृषि कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
शुभारंभ अवसर पर कृषि विभाग के उप संचालक श्री अमीत कुमार मोहंती, पशु चिकित्सा सेवाओं के उप संचालक श्री एस.के. मिश्रा, कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री बी.पी. त्रिपाठी, डिप्टी प्रोजेक्ट डायरेक्टर (आत्मा) श्री सुशील कुमार वर्मा सहित कृषि विभाग, फसल बीमा टीम एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।