महासमुंद कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने दिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न
आपका आदेश न्यूज़ छत्तीसगढ़ //महासमुंद ,24 मई 2025 / कलेक्टर श्री विनय लंगेह की अध्यक्षता में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा आज जिला पंचायत के कक्ष में आयोजित बैठक में की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस. आलोक, कार्यक्रम अधिकारी, एन.आर.एल.एम., जनपद सीईओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर श्री लंगेह ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लंबित एवं अप्रारंभ आवासों को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनमन आवासों को भी प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के आदेश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। एन.आर.एल.एम. से जुड़े बी.पी.एम. को निर्देशित किया गया कि वे मसाला, फिनाईल आदि निर्माण में संलग्न स्व-सहायता समूहों को छात्रावासों से जोड़ें, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों, हाट-बाजारों एवं दुकानों से कचरा संग्रहण के कार्य को प्राथमिकता से करवाने तथा इस कार्य में स्व-सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मनरेगा योजना के अंतर्गत सभी तकनीकी सहायकों को 20-20 डबरियों अथवा अन्य जल-संरक्षण अधोसंरचनाओं के प्रस्ताव तीन दिनों के भीतर स्थल निरीक्षण कर भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। साथ ही, अमृत सरोवर निर्माण के लिए सभी कार्यक्रम अधिकारियों को सोमवार तक प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अटल सुविधा केंद्रों के निर्माण को शीघ्र पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।इसके अलावा ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ अभियान को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर ने गत वर्ष को आधार मानते हुए इस वर्ष 5 जून, पर्यावरण दिवस पर सामुदायिक सहभागिता और पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सभी विभागों को सामूहिक वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए।बैठक में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया तथा अधिकारियों को लक्ष्यों की पूर्ति हेतु कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।


परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।