“अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कबीरधाम में भव्य ‘‘योग संगम’’
{उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा सहित हजारों नागरिकों ने लिया भाग, ‘‘योग संगम’’ एवं ‘‘हरित योग’’ थीम के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया }


आपका आदेश न्यूज़।। कवर्धा, 21 जून 2025। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को कबीरधाम जिले में विशेष उत्साह और श्रद्धा के साथ ‘‘योग संगम’’ और ‘‘हरित योग’’ थीम पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कवर्धा के पी.जी. कॉलेज डोम परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और हजारों की संख्या में उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने योग से निरोग रहते हुए नियमित योगाभ्यास, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
।उपमुख्यमंत्री ने दिया भारत की सांस्कृतिक विरासत को आत्मसात करने का संदेश ।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि योग भारत की अमूल्य प्राचीन परंपरा है, जो आज संपूर्ण विश्व में स्वीकार की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से आज योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली रही है, और प्रत्येक वर्ष 21 जून को विश्वभर में योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने योग को जीवन का हिस्सा बनाकर मानसिक शांति, आत्मबल और सकारात्मकता को बढ़ावा देने की अपील की। इससे पहले उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा सहित मुख्य अतिथियो ने दीप प्रज्ज्वलित कर योग अभ्यास आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया।







“योगाभ्यास का मार्गदर्शन विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा“
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को पतंजलि योग पीठ के जिला प्रशिक्षक श्री सुरेश चन्द्रवंशी के नेतृत्व में योगाभ्यास कराया गया। उनके साथ आयुर्वेद विभाग के अनुभवी योग प्रशिक्षकों ने भी विभिन्न योगासनों और प्राणायाम की तकनीकों का अभ्यास करवाया। प्रशिक्षकों ने सरल और प्रभावशाली तरीके से सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति आदि का अभ्यास कराया और इनके लाभों की जानकारी भी दी।
“जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति“
इस कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत सभापति श्री राम कुमार भट्ट, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुषमा बघेल, उपाध्यक्ष श्री गणेश तिवारी, कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री अजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह छवई, डीएफओ श्री निखिल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, समाजसेवी, शिक्षाविद एवं नागरिक शामिल हुए।
‘हरित योग’ के माध्यम से पर्यावरण का संदेश‘
कार्यक्रम में ‘‘योग संगम’’ एवं ‘‘हरित योग’’ थीम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल दिया गया। योग सत्र के उपरांत सभी प्रतिभागियों को पौधारोपण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे भी वितरित किए गए। आयोजकों द्वारा यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर के साथ-साथ स्वस्थ पर्यावरण भी आवश्यक है और योग दिवस पर पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेना आज की आवश्यकता है।
“जानकारीपरक प्रदर्शनी और जनजागरूकता सामग्री का वितरण“
कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य, योग, आयुर्वेद और स्वच्छता से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई थी, जिसे नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने गहरी रुचि से देखा। इसके अलावा आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा योग संबंधी पुस्तिकाएं और ब्रोशर भी वितरित किए गए, ताकि लोग योग को समझें और नियमित रूप से अभ्यास में लाएं।
“सामूहिक शांति पाठ और ओम ध्वनि के साथ कार्यक्रम का समापन“
कार्यक्रम का समापन सामूहिक ओंकार ध्वनि और शांति पाठ के साथ किया गया। पूरा वातावरण योगमय, शांतिपूर्ण और प्रेरणादायक रहा। यह आयोजन कबीरधाम जिले में जनजागरूकता, सामूहिक सहभागिता और स्वस्थ जीवन की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में यादगार बन गया है। कार्यक्रम का संचालन श्री अवधेश नन्दन श्रीवास्तव एवं श्रीमती मीरा देवांगन ने किया। आभार प्रदर्शन उपसंचालक समाज कल्याण विभाग श्रीमती अभिलाषा पांडा ने किया।

परितोष शर्मा
भारतीय पत्रकारिता जगत में एक प्रतिष्ठित नाम हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी रिपोर्टिंग के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अपने लंबे करियर में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता दी और जनता की आवाज को मुख्यधारा तक पहुँचाने का जिम्मा बखूबी निभाया।
अब, बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाते हुए, परितोष शर्मा ने डिजिटल मीडिया की ओर अपने नए सफर की शुरुआत की है। आपका आदेश उनके इसी डिजिटल मिशन का पहला मजबूत पड़ाव है, जिसकी शुरुआत aapkaadeshnews.in वेबसाइट के लॉन्च से हुई है। यह प्लेटफ़ॉर्म उनकी वर्षों की पत्रकारिता अनुभव, गहराई और समझ को डिजिटल दुनिया में प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के मूल मुद्दों, जनता की समस्याओं और जनसरोकारों को केंद्र में रखते हुए एक भरोसेमंद व जिम्मेदार मीडिया मंच खड़ा करना है। परंपरागत पत्रकारिता की सच्चाई और गंभीरता को डिजिटल स्पीड और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर परितोष शर्मा ‘आपका आदेश’ को एक ऐसा मंच बनाना चाहते हैं जो हर वर्ग की आवाज बने — सही मायनों में, “जनहित में…”।