“विश्व पर्यावरण दिवस पर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पौधारोपण और कार्यशाला का आयोजन”

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी. कुदेशिया द्वारा जामुन एवं आम के पौधे रोपित कर किया गया।

आपका आदेश न्यूज़।। महासमुंद, 05 जून 2025/ कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पौधारोपण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी. कुदेशिया द्वारा जामुन एवं आम के पौधे रोपित कर किया गया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित जनों को पौधों की सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।

डॉ. कुदेशिया ने इस अवसर पर जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष 05 जून को विश्वभर के 100 से अधिक देशों में पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1973 में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से की गई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और संरक्षण हेतु व्यवहारिक कदम उठाना है। उन्होंने जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं कार्यालय परिसरों में कम से कम 10-10 पौधे लगाने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी डॉ. छत्रपाल चन्द्राकर ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बढ़ती गर्मी और जल संकट जैसे गंभीर मुद्दों का समाधान केवल व्यापक स्तर पर पौधारोपण और उनकी देखभाल से ही संभव है। उन्होंने बताया कि जिले की कुल 258 स्वास्थ्य संस्थाओं में लगभग 1200 पौधे रोपित किए गए हैं। इस आयोजन में जिला सर्विलेंस अधिकारी (आई.डी.एस.पी.), जिला कार्यक्रम प्रबंधक, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक एवं समस्त शहरी स्वास्थ्य केंद्रों के स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण कर उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *